प्रश्न:1 खनिज क्या होते हैं?
उत्तर: खनिज प्राकृतिक रूप से प्राप्त होने वाला पदार्थ है, जिसका निश्चित रासायनिक संघटन होता है। ये पृथ्वी की चट्टानों में पाए जाते हैं और सभी स्थानों पर समान रूप से वितरित नहीं होते।
प्रश्न:2 खनिजों का वितरण किस प्रकार होता है?
उत्तर: खनिज किसी विशेष क्षेत्र या शैल समूहों में संकेंद्रित होते हैं। कुछ खनिज ऐसे क्षेत्रों में पाए जाते हैं जो आसानी से अभिगम्य नहीं हैं, जैसे आर्कटिक महासागर और अंटार्कटिका।
प्रश्न:3 खनिजों को कैसे पहचाना जा सकता है?
उत्तर: खनिज अपने भौतिक गुणों जैसे रंग, घनत्व, कठोरता और रासायनिक गुणों यथा विलेयता के आधार पर पहचाने जा सकते हैं।
प्रश्न:4 धात्विक और अधात्विक खनिजों में क्या अंतर है?
उत्तर: धात्विक खनिजों में धातु कच्चे रूप में होती है और ये विद्युत एवं ऊष्मा को सुचालित करती हैं। अधात्विक खनिजों में धातुएँ नहीं होती हैं। उदाहरण के लिए, लौह अयस्क धात्विक है, जबकि चूना पत्थर अधात्विक है।
प्रश्न:5 लौह और अलौह खनिज में क्या अंतर है?
उत्तर: लौह खनिजों में लोहा पाया जाता है जैसे लौह अयस्क, मैंगनीज, क्रोमाइट। अलौह खनिजों में लोहा नहीं होता किंतु सोना, चाँदी, ताँबा, सीसा हो सकते हैं।
प्रश्न:6 अयस्क क्या है?
उत्तर: शैल जिनसे खनिज का खनन किया जाता है, अयस्क कहलाते हैं।
प्रश्न:7 खनिज निष्कर्षण की कौन-कौन सी विधियाँ हैं?
उत्तर: खनिजों को खनन, प्रवेधन और आखनन द्वारा निष्कर्षित किया जा सकता है।
प्रश्न:8 विवृत खनन और कूपकी खनन में क्या अंतर है?
उत्तर: विवृत खनन में सतह के निकट स्थित खनिजों को निकाला जाता है। कूपकी खनन में अधिक गहराई में स्थित खनिजों तक पहुँचने के लिए गहरे कूप बनाए जाते हैं।
प्रश्न:9 प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम के निष्कर्षण में क्या समानता है?
उत्तर: दोनों ही गहन कूपों और अपतटीय/तटीय क्षेत्रों से निकाले जाते हैं। प्राकृतिक गैस पेट्रोलियम के निक्षेपों के साथ पाई जाती है।
प्रश्न:10 खनिजों के उपयोग क्या हैं?
उत्तर: खनिजों का उपयोग रत्न, आभूषण, औद्योगिक वस्तुएँ, कंप्यूटर, पाइप, ऑटोमोबाइल, हवाई जहाज, भवन निर्माण और रसोई के बर्तनों में होता है।
प्रश्न:11 एशिया में कौन-कौन से खनिज प्रमुख हैं?
उत्तर: चीन और भारत के पास विशाल लौह अयस्क निक्षेप हैं। चीन, मलेशिया और इंडोनेशिया टिन के अग्रणी उत्पादक हैं। मैंगनीज, बॉक्साइट, निकेल, जस्ता और ताँबा भी पाए जाते हैं।
प्रश्न:12 यूरोप में खनिजों का वितरण कैसा है?
उत्तर: यूरोप विश्व में लौह अयस्क का अग्रणी उत्पादक है। रूस, यूक्रेन, स्वीडन और फ्रांस के पास लौह अयस्क के विशाल निक्षेप हैं।
प्रश्न:13 उत्तर अमेरिका के प्रमुख खनिज निक्षेप कहाँ पाए जाते हैं?
उत्तर: ग्रेट लेक के उत्तर में कनाडियन शील्ड प्रदेश, अप्लेशियन प्रदेश और पश्चिम की पर्वत श्रृंखलाओं में।
प्रश्न:14 दक्षिण अमेरिका में कौन से खनिज उत्पादक देशों के नाम बताइए।
उत्तर: ब्राजील (लौह अयस्क), चिली और पेरू (ताँबा), बोलीविया (टिन), सोना, चाँदी, जस्ता, क्रोमियम, मैंगनीज, बॉक्साइट, अभ्रक, प्लेटिनम, एसबेस्टस और हीरा भी पाए जाते हैं।
प्रश्न:15 अफ्रीका के प्रमुख खनिज क्या हैं?
उत्तर: हीरा, सोना, प्लेटिनम, ताँबा, लौह अयस्क, क्रोमियम, यूरेनियम, कोबाल्ट और बॉक्साइट।
प्रश्न:16 आस्ट्रेलिया किस खनिज का सबसे बड़ा उत्पादक है?
उत्तर: बॉक्साइट का सबसे बड़ा उत्पादक है। इसके अलावा सोना, हीरा, लौह अयस्क, टिन और निकेल भी पाए जाते हैं।
प्रश्न:17 अंटार्कटिका में खनिजों की स्थिति कैसी है?
उत्तर: अंटार्कटिका में कोयला, लोहे के निक्षेप, सोना, चाँदी और तेल वाणिज्यिक मात्रा में उपलब्ध हैं।
प्रश्न:18 ऊर्जा के परंपरागत स्रोत क्या हैं?
उत्तर: ऊर्जा के परंपरागत स्रोत वे हैं जो लंबे समय से सामान्य उपयोग में लाए जा रहे हैं, जैसे कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस।
प्रश्न:19 कोयले का उपयोग कहाँ-कहाँ होता है?
उत्तर: कोयला घरेलू ईंधन, उद्योगों जैसे लोहा और इस्पात, वाष्प इंजनों और विद्युत उत्पन्न करने में प्रयोग किया जाता है।
प्रश्न:20 विश्व में प्रमुख कोयला उत्पादक कौन हैं?
उत्तर: चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, रूस, दक्षिण अफ्रीका और फ्रांस।
प्रश्न:21 भारत के कोयला उत्पादक क्षेत्र कौन से हैं?
उत्तर: रानीगंज (पश्चिमी बंगाल), झरिया, धनबाद और बोकारो (झारखंड)।
प्रश्न:22 पेट्रोलियम की प्राप्ति और परिष्करण कैसे होता है?
उत्तर: यह शैलों की परतों के मध्य पाया जाता है। अपतटीय और तटीय क्षेत्रों से वेधन के बाद परिष्करणशाला में भेजा जाता है जहाँ डीजल, पेट्रोल, मोम, प्लास्टिक और स्नेहक तैयार होते हैं।
प्रश्न:23 पेट्रोलियम को ‘काला सोना’ क्यों कहा जाता है?
उत्तर: क्योंकि यह बहुत मूल्यवान है और अनेक उत्पादों जैसे ईंधन, प्लास्टिक और तेल के उत्पादन में प्रयोग होता है।
प्रश्न:24 प्राकृतिक गैस का प्रमुख उपयोग क्या है?
उत्तर: घरेलू और वाणिज्यिक ईंधन के रूप में।
प्रश्न:25 भारत में प्राकृतिक गैस संसाधन कहाँ पाए जाते हैं?
उत्तर: जैसलमेर, कृष्णा-गोदावरी डेल्टा, त्रिपुरा और मुंबई के अपतटीय क्षेत्रों में।
प्रश्न:26 जल विद्युत क्या है और इसे कैसे उत्पन्न किया जाता है?
उत्तर: जल विद्युत में बाँध में संचित जल को टरबाइन के ऊपर गिराकर जेनरेटर चलाया जाता है, जिससे विद्युत उत्पन्न होती है।
प्रश्न:27 विश्व में जल विद्युत के अग्रणी उत्पादक कौन हैं?
उत्तर: पराग्वे, नार्वे, ब्राजील और चीन।
प्रश्न:28 भारत में प्रमुख जल विद्युत केंद्र कौन-कौन से हैं?
उत्तर: भाखड़ा नंगल, गाँधी सागर, नागार्जुन सागर और दामोदर नदी घाटी परियोजनाएँ।
प्रश्न:29 सौर ऊर्जा क्या है और इसका उपयोग कैसे किया जाता है?
उत्तर: सूर्य की ऊष्मा और प्रकाश ऊर्जा से सौर पैनलों में विद्युत उत्पन्न की जाती है। इसका उपयोग सौर तापक, सौर कुकर, सोलर ड्रायर और रोशनी में होता है।
प्रश्न:30 पवन ऊर्जा के लाभ और हानि क्या हैं?
उत्तर: लाभ – असमाप्य, प्रदूषण मुक्त, विद्युत उत्पादन की कम लागत। हानि – पवन चक्कियों का महँगा निर्माण, रेडियो व दूरदर्शन संकेतों में व्यवधान, पक्षियों के लिए हानिकारक।
प्रश्न:31 परमाणु ऊर्जा कैसे प्राप्त होती है?
उत्तर: रेडियोसक्रिय पदार्थ जैसे यूरेनियम और थोरियम के परमाणुओं के नाभिकीय विखंडन से नाभिकीय ऊर्जा प्राप्त होती है।
प्रश्न:32 भारत में प्रमुख परमाणु ऊर्जा केंद्र कहाँ हैं?
उत्तर: तमिलनाडु (कलपक्कम), महाराष्ट्र (तारापुर), राजस्थान (कोटा के निकट राणा प्रताप सागर), उत्तर प्रदेश (नरोरा) और कर्नाटक (कैगा)।
प्रश्न:33 भूतापीय ऊर्जा क्या है और इसे कैसे प्रयोग में लाया जाता है?
उत्तर: पृथ्वी से प्राप्त ताप ऊर्जा को भूतापीय ऊर्जा कहते हैं। इसे खाना बनाने, ऊष्मा प्राप्त करने और नहाने के लिए प्रयोग किया जाता है।
प्रश्न:34 भारत में भूतापीय ऊर्जा के संयंत्र कहाँ हैं?
उत्तर: हिमाचल प्रदेश में मणिकरण और लद्दाख में पूगाघाटी।
प्रश्न:35 ज्वारीय ऊर्जा क्या है और इसका प्रयोग कैसे होता है?
उत्तर: ज्वार-भाटा से उत्पन्न ऊर्जा को बाँध में स्थापित टरबाइन को घुमाने के लिए प्रयोग किया जाता है।
प्रश्न:36 बायोगैस कैसे प्राप्त होता है?
उत्तर: जैविक अपशिष्ट जैसे मृत पौधे, पशुओं का गोबर और रसोई के अपशिष्ट बायोगैस संयंत्र में बैक्टीरिया द्वारा अपघटित होते हैं।
प्रश्न:37 बायोगैस के उपयोग क्या हैं?
उत्तर: खाना पकाने, विद्युत उत्पादन और जैविक खाद (उर्वरक) उत्पादन।
प्रश्न:38 ऊर्जा संरक्षण के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?
उत्तर: उपकरणों को आवश्यकता न होने पर बंद करना, न्यूनतम उपयोग, प्राकृतिक प्रकाश और हवा का प्रयोग, बत्तियों को धूलरहित रखना, उपकरणों की उचित देखभाल।
प्रश्न:39 घर और विद्यालय में ऊर्जा बचत के लिए क्या सर्वेक्षण किया जा सकता है?
उत्तर: विद्युत उपकरणों का उपयोग समय, संख्या, आवश्यकतानुसार चालू रहना या नहीं का सर्वेक्षण कर उनकी खपत और संभावित बचत का विश्लेषण करना।
प्रश्न:40 ऊर्जा संरक्षण का हमारे जीवन में क्या महत्त्व है?
उत्तर: ऊर्जा अनवीकरणीय संसाधन है। इसकी बचत से पर्यावरण संरक्षण होता है, आर्थिक मूल्य की बचत होती है और भविष्य के लिए ऊर्जा सुनिश्चित रहती है।
Answer by Mrinmoee