मानव संसाधन
1. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
(i) लोगों को संसाधन क्यों माना जाता है?
उत्तर: मानव को संसाधन इसलिए माना जाता है क्योंकि वही प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर उन्हें मूल्यवान बनाते हैं। मानव अपनी बुद्धि, श्रम और तकनीक के ज़रिए संसाधनों का विकास करता है। इसलिए, मानव संसाधन को सर्वोच्च और परम संसाधन माना जाता है।
(ii) विश्व में जनसंख्या के असमान वितरण के क्या कारण हैं?
उत्तर: विश्व में जनसंख्या का वितरण असमान है क्योंकि यह भौगोलिक और सामाजिक-आर्थिक कारकों पर निर्भर करता है।
भौगोलिक कारण: स्थलाकृति, जलवायु, मिट्टी और जल की उपलब्धता। लोग मैदानी क्षेत्रों और नदी घाटियों में रहना पसंद करते हैं।
सामाजिक-आर्थिक कारण: बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रोज़गार की सुविधा वाले क्षेत्रों में जनसंख्या अधिक होती है। औद्योगिक शहर जैसे मुंबई और ओसाका घनी आबादी वाले उदाहरण हैं।
(iii) विश्व की जनसंख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। क्यों?
उत्तर: विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के कारण विश्व की जनसंख्या तेजी से बढ़ी है। इससे खाद्य उत्पादन बढ़ा, स्वास्थ्य सेवाएँ बेहतर हुईं और मृत्यु दर में गिरावट आई, जिससे जनसंख्या में भारी वृद्धि हुई।
(iv) जनसंख्या परिवर्तन को प्रभावित करने वाले किन्हीं दो कारकों की भूमिका पर चर्चा कीजिए।
उत्तर: जन्म दर और मृत्यु दर जनसंख्या परिवर्तन के मुख्य प्राकृतिक कारक हैं। जब जन्म दर मृत्यु दर से अधिक होती है, तो जनसंख्या में वृद्धि होती है। यह अंतर ही किसी देश की प्राकृतिक वृद्धि दर को दर्शाता है।
(v) जनसंख्या संरचना से क्या तात्पर्य है?
उत्तर: जनसंख्या संरचना से तात्पर्य जनसंख्या के लिंग, आयु, शिक्षा, व्यवसाय, स्वास्थ्य और आय स्तर की स्थिति से है। यह बताती है कि देश में कितने पुरुष, महिलाएँ, बच्चे, वृद्ध, श्रमिक आदि हैं।
(vi) जनसंख्या पिरामिड क्या हैं? ये किसी देश की जनसंख्या को समझने में कैसे मदद करते हैं?
उत्तर: जनसंख्या पिरामिड एक चित्रात्मक प्रस्तुति है जो किसी देश की आयु और लिंग संरचना को दर्शाता है। यह दिखाता है कि किस आयु वर्ग में कितने पुरुष और महिलाएँ हैं। इसके ज़रिए यह जाना जा सकता है कि देश में आश्रित जनसंख्या कितनी है और भविष्य में जनसंख्या का रुझान कैसा हो सकता है।
2. सही उत्तर पर निशान लगाएँ।
(i) 'जनसंख्या वितरण' शब्द का क्या अर्थ है?
(क) किसी क्षेत्र में समय के साथ जनसंख्या परिवर्तन
(ख) मृत्यु दर और जन्म दर का अनुपात
(ग) जिस तरह से लोग किसी दिए गए क्षेत्र में फैले हुए हैं
सही उत्तर: (ग) जिस तरह से लोग किसी दिए गए क्षेत्र में फैले हुए हैं
(ii) जनसंख्या परिवर्तन के तीन मुख्य कारक कौन से हैं?
(क) जन्म, मृत्यु और विवाह
(ख) जन्म, मृत्यु और प्रवास
(ग) जन्म, मृत्यु और जीवन प्रत्याशा
सही उत्तर: (ख) जन्म, मृत्यु और प्रवास
(iii) 1999 में विश्व की जनसंख्या पहुँच गई –
(क) 1 अरब
(ख) 3 अरब
(ग) 6 अरब
सही उत्तर: (ग) 6 अरब
(iv) जनसंख्या पिरामिड क्या है?
(क) किसी जनसंख्या की आयु-लिंग संरचना का चित्रात्मक प्रस्तुतीकरण
(ख) ऊँची इमारतों में रहने वाली आबादी
(ग) शहरी क्षेत्रों का वितरण पैटर्न
सही उत्तर: (क) किसी जनसंख्या की आयु-लिंग संरचना का चित्रात्मक प्रस्तुतीकरण
3. निम्नलिखित में से कुछ शब्दों का प्रयोग करके नीचे दिए गए वाक्यों को पूरा कीजिए।
(विरल, अनुकूल, परती, कृत्रिम, उपजाऊ, प्राकृतिक, अत्यधिक, सघन)
वाक्य:
जब लोग किसी क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं, तो वह ………………….. आबाद हो जाता है। इसे प्रभावित करने वाले कारकों में ………………….. जलवायु, ………………….. संसाधनों की अच्छी आपूर्ति और ………………….. भूमि शामिल हैं।
उत्तर:
जब लोग किसी क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं, तो वह सघन आबाद हो जाता है। इसे प्रभावित करने वाले कारकों में अनुकूल जलवायु, प्राकृतिक संसाधनों की अच्छी आपूर्ति और उपजाऊ भूमि शामिल हैं।