Chapter- 2 भूमि संसाधन
प्रश्न 1: मनुष्य को प्राकृतिक दुनिया का अभिन्न अंग क्यों कहा गया है?
उत्तर: मनुष्य प्राकृतिक दुनिया का अभिन्न अंग इसलिए कहा गया है क्योंकि वह अन्य जीवों की तरह हवा, पानी, फल-फूल और जीव-जंतुओं जैसी प्राकृतिक चीज़ों पर निर्भर रहता है और उनका उपयोग करता है।
प्रश्न 2: मनुष्य अन्य जीवों से किस प्रकार भिन्न है?
उत्तर: मनुष्य अन्य जीवों से इस मायने में भिन्न है कि वह सोच-समझकर प्रकृति को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार बदलता है।
प्रश्न 3: संसाधन किसे कहा जाता है?
उत्तर: उत्पादन कार्य में मनुष्य द्वारा प्रकृति से उपयोग की जाने वाली वस्तुओं को संसाधन कहा जाता है।
प्रश्न 4: प्रागैतिहासिक काल में प्रमुख प्राकृतिक संसाधन कौन-से थे?
उत्तर: प्रागैतिहासिक काल में पत्थर, बाँस और जानवरों की खाल प्रमुख प्राकृतिक संसाधन थे।
प्रश्न 5: पत्थर के औज़ारों का उपयोग किस-किस कार्य में होता था?
उत्तर: पत्थर के औज़ारों से शिकार करना, जमीन खोदना, कंद-मूल इकट्ठा करना और टोकरी व कपड़े बनाना होता था।
प्रश्न 6: खेती और पशुपालन की शुरुआत को क्या कहा जाता है?
उत्तर: खेती और पशुपालन की शुरुआत को नवपाषाण क्रांति कहा जाता है।
प्रश्न 7: नवपाषाण क्रांति कब प्रारंभ हुई थी?
उत्तर: नवपाषाण क्रांति आज से लगभग दस हज़ार वर्ष पहले शुरू हुई थी।
प्रश्न 8: खेती के विकास से मनुष्य के जीवन में क्या परिवर्तन आए?
उत्तर: खेती के विकास से मनुष्य स्थायी घरों में रहने लगा और अन्न को सुरक्षित रखने के लिए भंडारण करने लगा।
प्रश्न 9: समय के साथ उत्पादन कार्य में क्या परिवर्तन आया?
उत्तर: समय के साथ उत्पादन कार्य का दायरा बढ़ा और बड़े पैमाने पर वस्तुओं का निर्माण होने लगा।
प्रश्न 10: धातुओं से बनने वाली वस्तुओं के उदाहरण दीजिए।
उत्तर: ताँबा, काँसा और लोहे से विभिन्न औज़ार और वस्तुएँ बनाई जाती थीं।
प्रश्न 11: वन भूमि से क्या आशय है?
उत्तर: वन भूमि से आशय उस भूमि से है जिसका उपयोग वनों के रूप में किया जाना है, चाहे वहाँ वन हों या न हों।
प्रश्न 12: वर्ष 2010 में भारत में कितने प्रतिशत भूमि वनों से ढकी थी?
उत्तर: वर्ष 2010 में भारत की 19.05 प्रतिशत भूमि वनों से ढकी थी।
प्रश्न 13: भारत में कुल वन भूमि का प्रतिशत कितना है?
उत्तर: भारत में कुल वन भूमि लगभग 23 प्रतिशत है।
प्रश्न 14: जिन भूमि पर वन नहीं हैं, वहाँ क्या किया जाता है?
उत्तर: ऐसी भूमि पर सरकार द्वारा वनरोपण कराया जाता है।
प्रश्न 15: वनों का सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय कार्य क्या है?
उत्तर: वन कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं।
प्रश्न 16: ऑक्सीजन मानव जीवन के लिए क्यों आवश्यक है?
उत्तर: ऑक्सीजन मानव और जीव-जंतुओं के श्वसन के लिए आवश्यक है।
प्रश्न 17: वनों से वायुमंडलीय संतुलन कैसे बना रहता है?
उत्तर: वनों से कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा नियंत्रित रहती है जिससे वायुमंडल का तापमान संतुलित रहता है।
प्रश्न 18: वन जल स्रोतों के लिए क्यों आवश्यक हैं?
उत्तर: वन जल स्रोतों को बनाए रखने में सहायता करते हैं और जल संरक्षण करते हैं।
प्रश्न 19: वनों का वन्य जीवों से क्या संबंध है?
उत्तर: वन वन्य जीवों का प्राकृतिक निवास स्थान हैं।
प्रश्न 20: वनों के नष्ट होने का प्रमुख परिणाम क्या होगा?
उत्तर: वनों के नष्ट होने से वन्य जीव और वनस्पति हमेशा के लिए समाप्त हो सकते हैं।
प्रश्न 21: पर्यावरणीय संतुलन के लिए कितने प्रतिशत वन आवश्यक हैं?
उत्तर: पर्यावरणीय संतुलन के लिए कम से कम 33 प्रतिशत भू-भाग पर वन होना चाहिए।
प्रश्न 22: वर्तमान में भारत में वन आवरण कितना है?
उत्तर: वर्तमान में भारत में लगभग 23 प्रतिशत वन आवरण है।
प्रश्न 23: छत्तीसगढ़ का वनावरण कितना है?
उत्तर: छत्तीसगढ़ में लगभग 41.75 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है।
प्रश्न 24: उत्तर प्रदेश में वनावरण कम होने का एक कारण बताइए।
उत्तर: उत्तर प्रदेश में घनी जनसंख्या और कृषि विस्तार के कारण वनावरण कम है।
प्रश्न 25: उत्तर-पूर्वी राज्यों में वनावरण अधिक क्यों है?
उत्तर: पर्वतीय भू-आकृति और कम जनसंख्या के कारण उत्तर-पूर्वी राज्यों में वनावरण अधिक है।
प्रश्न 26: उपवन भूमि से क्या तात्पर्य है?
उत्तर: उपवन भूमि वह भूमि है जहाँ बाग-बगीचे और फलदार पेड़ होते हैं।
प्रश्न 27: भारत में उपवन भूमि में कमी क्यों आई है?
उत्तर: बाग-बगीचों को काटकर कृषि और अन्य उपयोग में लेने से उपवन भूमि कम हुई है।
प्रश्न 28: कृषि भूमि का देश की अर्थव्यवस्था में क्या योगदान है?
उत्तर: कृषि भूमि से अनाज प्राप्त होता है और अधिकांश लोगों को रोजगार मिलता है।
प्रश्न 29: भारत में सिंचित कृषि भूमि का प्रतिशत कितना है?
उत्तर: भारत में केवल 38.75 प्रतिशत कृषि भूमि सिंचित है।
प्रश्न 30: अकृषि भूमि में कौन-कौन सी भूमि सम्मिलित होती है?
उत्तर: अकृषि भूमि में पर्वत, रेगिस्तान, सड़कें, भवन, उद्योग, रेलमार्ग, नदियाँ और बाँध की भूमि शामिल होती है।
Answer by Dimpee Bora