जब जनता बग़ावत करती है 1857 और उसके बाद


 प्रश्न 1: झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की अंग्रेज़ों से ऐसी क्या माँग थी जिसे अंग्रेज़ों ने ठुकरा दिया?

उत्तर: रानी लक्ष्मीबाई चाहती थीं कि उनके दत्तक पुत्र को राज्य का उत्तराधिकारी मान लिया जाए, लेकिन अंग्रेजों ने इसे ठुकरा दिया।

प्रश्न 2: ईसाई धर्म अपनाने वालों के हितों की रक्षा के लिए अंग्रेज़ों ने क्या किया?

उत्तर: 1850 में एक कानून पास किया गया जिससे ईसाई धर्म अपनाने वालों को अपने पैतृक संपत्ति का अधिकार मिलने लगा। इससे धर्म परिवर्तन आसान हो गया।

प्रश्न 3: सिपाहियों को नए कारतूसों पर क्यों ऐतराज़ था?

उत्तर: क्योंकि अफ़वाह थी कि नए कारतूसों में गाय और सूअर की चर्बी लगी थी, जिससे हिंदू और मुस्लिम दोनों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं।

प्रश्न 4: अंतिम मुग़ल बादशाह ने अपने आख़िरी साल किस तरह बिताए?

उत्तर: बहादुर शाह ज़फ़र ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष अपनी पत्नी के साथ रंगून (अब यांगून, म्यांमार) की एक जेल में बिताए।

प्रश्न 5: मई 1857 से पहले भारत में अपनी स्थिति को लेकर अंग्रेज़ शासकों के आत्मविश्वास के क्या कारण थे?

उत्तर: अंग्रेज़ों ने बिना ज्यादा बल प्रयोग के भारत के बड़े हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया था। व्यापार लाभदायक था, और उन्हें अधिकतर स्थानीय शासकों का समर्थन प्राप्त था।

प्रश्न 6: बहादुरशाह ज़फ़र द्वारा विद्रोहियों को समर्थन दे देने से जनता और राज-परिवारों पर क्या असर पड़ा?

उत्तर: विद्रोह को मुग़ल सम्राट का समर्थन मिलने से लोग और रजवाड़े प्रेरित हुए। उन्हें उम्मीद जगी कि वे फिर से अपने क्षेत्रों पर शासन कर पाएँगे। 

प्रश्न 7: अवध के बागी भूस्वामियों से समर्पण करवाने के लिए अंग्रेज़ों ने क्या किया?

उत्तर: अंग्रेज़ों ने वफादार ज़मींदारों को इनाम और पारंपरिक अधिकार देने की बात कही। विद्रोहियों को समर्पण करने पर क्षमा का आश्वासन भी दिया गया, बशर्ते उन्होंने किसी अंग्रेज़ की हत्या न की हो। 

प्रश्न 8: 1857 की बग़ावत के फलस्वरूप अंग्रेज़ों ने अपनी नीतियाँ किस तरह बदलीं?

उत्तर:

ब्रिटिश क्राउन ने सीधे शासन संभाला।

दत्तक पुत्रों को उत्तराधिकार का अधिकार दिया गया।

सेना में यूरोपीयों की संख्या बढ़ाई गई और गोरखाओं, सिखों की भर्ती हुई।

भारतीय रीति-रिवाजों का सम्मान करने की नीति अपनाई गई।

प्रश्न 9: कोशिश करें कि अपने इलाके या परिवार के किसी सदस्य से जानें कि 1857 की लड़ाई से जुड़ी उन्हें कौन-सी कहानियाँ या गीत याद हैं।

उत्तर: (यह उत्तर विद्यार्थी स्वयं अपने अनुभव या बातचीत पर आधारित लिखें।)

प्रश्न 10: झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के बारे में और पता लगाएँ। आप उन्हें अपने समय की एक विलक्षण महिला क्यों मानते हैं?

उत्तर: रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 की बगावत में बहादुरी से हिस्सा लिया। तांत्या टोपे के साथ ग्वालियर पर कब्ज़ा किया और वीरता से अंग्रेज़ों का सामना किया। उनकी तलवारबाज़ी, साहस और देशभक्ति ने उन्हें भारत की सबसे प्रेरणादायक महिलाओं में शामिल कर दिया। वे 17 जून 1858 को शहीद हो गईं।